मथुरा, 25 सितंबर 2025: महामहिम राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु प्रथम बार बृजमंडल में आगमन और मथुरा-वृंदावन का एकदिवसीय भ्रमण ब्रजवासियों के लिए खुशी का अवसर बन गया। महाराजा एक्सप्रेस ट्रेन से दिल्ली से प्रस्थान कर राष्ट्रपति मुर्मु ने बांके बिहारी मंदिर, कृष्ण जन्मभूमि और कृष्ण कुब्जा मंदिर का दर्शन किया। इस भ्रमण के दौरान ब्रजवासी उत्साह से झूम उठे, और कुब्जा मंदिर को वैश्विक स्तर पर नई पहचान मिली।
वृन्दावन रोड रेलवे स्टेशन, छटीकरा
महामहिम राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु लगभग प्रातः 10 बजे वृन्दावन रोड रेलवे स्टेशन पहुँची। वृन्दावन रोड रेलवे स्टेशन पर महामहिम राष्ट्रपति का स्वागत गन्ना विकास एवं चीनी उद्योग मंत्री लक्ष्मी नारायण चौधरी, महापौर विनोद अग्रवाल, लै0 जनरल वी0 हरिहरन (अति विशिष्ट सेवा मेडल, सेना मेडल, जनरल ऑफिसर कमांडिंग, 1 कोर मथुरा), महाप्रबंधक उत्तर मध्य रेलवे इलाहाबाद नरेश पाल सिंह, अपर पुलिस महानिदेशक श्रीमती अनुपम कुलश्रेष्ठ, मण्डलायुक्त शैलेन्द्र कुमार सिंह, मंडल रेल प्रबंधक आगरा गगन गोयल, एफ (पी) टीएसी, सीडीआर, 8 टीएसी कैप्टन शिवम मनचंदा, जिलाधिकारी/जिला मजिस्ट्रेट चन्द्र प्रकाश सिंह एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार द्वारा किया गया। वृन्दावन रोड रेलवे स्टेशन से महामहिम श्री बांके बिहारी जी मंदिर के दर्शन करने हेतु रवाना हुई। महामहिम श्री बांके बिहारी जी मंदिर के निकट बनी पार्किंग पहुंची, जहाँ से गोल्फ कार्ट के माध्यम से श्री बांके बिहारी जी मन्दिर को प्रस्थान किया।
श्री बांके बिहारी जी मंदिर वृन्दावन
श्री बांके बिहारी जी मन्दिर में राष्ट्रपति ने विधि-विधान से पूजा अर्चना की। उन्होंने ठा० श्री बांके बिहारी जी का आर्शीवाद प्राप्त किया। श्रीमती द्रौपदी मुर्मु ने ठॉ० श्री बांके बिहारी जी मन्दिर में चन्दन कोठरी की देहरी पर इत्र सेवा की। उन्होंने सम्मान कुंज बिहारी अष्टक एवं दीप प्रज्जवलन किया।
श्री निधिवन, वृन्दावन
श्री बांके बिहारी जी के दर्शन के उपरान्त सभी लोग गोल्फ कार्ट के माध्यम से श्री निधिवन पहुँचे। जहां पर तुलसी वन के हरे भरे वृक्षों का दर्शन किया। महामहिम राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु ने ललिता कुण्ड के दर्शन किए, श्री बांके बिहारी जी के प्राकट्य स्थल पर कमल की माला एवं पुष्प अर्पण किये। उन्होंने रंग महल में राधारानी को श्रृंगार अर्पण किया, जिसमें चादर, साड़ी, 16 श्रृंगार, लडडू, पान, इत्र आदि था। उन्होंने रास मण्डल में इत्र व पुष्प अर्पण किये। वंशीचोरी राधारानी में चुनरी अर्पण तथा चरण पादुका पर इत्र व पुष्प अर्पण किया। महामहिम राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु को वंशी प्रसादी के रूप में प्रदान किया गया। स्वामी हरिदास समाधि पर इत्र सेवा, चुनरी व हरिदासी अर्पण किया। निधिवन के मुख्य सेवायत ने महामहिम को ललिता कुण्ड से लेकर स्वामी हरिदास समाधि तक सभी स्थलों का महत्व, निधिवन की प्राचीनता एवं पौराणिकता से अवगत कराया।
श्री सुदामा कुटी, वृन्दावन
श्री निधिवन दर्शन के पश्चात महामहिम श्री सुदामा कुटी पहुँची। महामहिम के मन्दिर में प्रवेश करते ही वेद पाठकों द्वारा स्वस्तिवाचन एवं मंगलाचरण किया गया। 16 ब्राहमणों द्वारा स्वस्तिवाचन किया गया। उन्होंने एक पेड मां के नाम के अन्तर्गत परिसर में पारिजात का वृक्ष लगाया। कार्यक्रम में महामहिम ने सुदामा दास जी महाराज की भजनकुटी का लोकार्पण किया। सुदामा कुटी में महामहिम द्वारा गौ पूजन किया गया। महामहिम ने बछिया को चुनरी व माला पहनायी एवं टीका किया। उन्होंने बछिया को गुड खिलाया। महामहिम ने मन्दिर में कौशल किशोर भगवान जी के दर्शन किये।

श्री कुब्जा कृष्ण मन्दिर, मथुरा
महामहिम राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु जी ने होलीगेट क्षेत्र स्थित श्री कुब्जा कृष्ण मन्दिर के दर्शन किये। महामहिम ने श्री कुब्जा कृष्ण मन्दिर में विधिविधान से पूजा अर्चना की। आशीष चतुर्वेदी एवं बालकृष्ण चतुर्वेदी द्वारा मन्दिर में पूजा अर्चना कराई गई। कुब्जा कृष्ण मन्दिर के मुख्य सेवायत ने महामहिम को श्री कुब्जा कृष्ण मन्दिर की पौराणिकता एवं इतिहास से अवगत कराया गया।
श्री कृष्ण जन्मस्थान मन्दिर, मथुरा
श्रीमती द्रौपदी मुर्मु दर्शन हेतु श्रीकृष्ण जन्मस्थान मन्दिर पहुँची। महामहिम राने श्री केशव देव जी मन्दिर के दर्शन किये तथा विधिविधान से पूजा अर्चना की। उन्होंने श्री योग माया जी मन्दिर तथा गर्भगृह मन्दिर में पूजा की और आर्शीवाद प्राप्त किया। इसके उपरान्त महामहिम राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु ने भागवत मन्दिर के दर्शन किये। भागवत मन्दिर में मंत्रोच्चारण के साथ महामहिम जी ने विधि-विधान से पूजा अर्चना की। इसके साथ ही श्री जगन्नाथ मन्दिर जी के दर्शन किये। श्रीकृष्ण जन्मस्थान मन्दिर के दर्शन के उपरान्त महामहिम मथुरा जंक्शन रेलवे स्टेशन पहुँची, जहां से दिल्ली के लिए प्रस्थान किया।

विभिन्न कार्यक्रम स्थलों पर उपस्थिति
कार्यक्रम के दौरान अपर पुलिस महानिदेशक श्रीमती अनुपम कुलश्रेष्ठ, मण्डलायुक्त शैलेन्द्र कुमार सिंह, पुलिस उप महानिरीक्षक शैलेश कुमार पाण्डेय, जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार, नगर आयुक्त जग प्रवेश सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।